शिमला। विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को राजधानी शिमला में एंटी चिट्टा एंड क्लीन एनवायरमेंट अवेयरनेस मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। आयोजन हिमाचल पुलिस, पर्यावरण विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और हिमकोस्टे के संयुक्त तत्वावधान में होगा। मिनी मैराथन की शुरुआत रिज मैदान से होगी। इसमें प्रतिभागियों के लिए दो श्रेणियां रखी गईं हैं। पहली 10 किलोमीटर मिनी मैराथन होगी जबकि दूसरी 3 किलोमीटर फन रन श्रेणी रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे विशेषकर चिट्टे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान रिज मैदान पर स्वच्छ पर्यावरण विषय पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।