एचपीयू में एसएफआई कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 52वें स्थापना दिवस समारोह में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने एसएफआई कार्यकर्ताओं ने समरहिल चौक पर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी की। कड़े पुलिस पहरे के बीच कार्यकर्ताओं ने चौक से लेकर परिसर की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर खड़े होकर मांगों को लेकर पोस्टर हाथ में लेकर नारेबाजी की। एसएफआई ने कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार को पद से हटाने की मांग की।
उन्हें सेवाविस्तार देने का भी विरोध किया। छात्र संगठन ने कहा कि अयोग्य वीसी नहीं चलेगा। विवि में अयोग्य आरएसएस के लोगों की शिक्षकों के पदों पर भर्ती करने का भी विरोध करते हुए इसकी जांच और इस तरह की भर्ती पर रोक लगाने की मांग की। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने छात्र संघ चुनाव को बहाल करने, निष्काषित छात्र नेताओं का निष्कासन रद्द करने, कोरोना काल में फीस माफ करने, रुकी छात्रवृत्ति को बहाल करने जैसी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। सुबह 9 से 10 बजे मुख्यमंत्री के काफिले के आने तक प्रदर्शन जारी रखा।