स्टाफ की कमी से लोगों और ठेकेदारों को हो रही परेशानी, विकास कार्य प्रभावित
लोगों ने प्रदेश सरकार से रिक्त पदों को भरने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर। जलशक्ति मंडल धर्मपुर में अधिशाषी अभियंता सहित कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। स्टाफ की कमी से स्थानीय लोगों और ठेकेदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलशक्ति मंडल के अधिशाषी अभियंता सुभाष चौहान 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद करीब दो माह से खाली है। विभाग की ओर से अभी तक नए अधिशाषी अभियंता की नियुक्ति नहीं की गई है। इसके चलते प्रशासनिक कार्यों के साथ विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सरकार ने धर्मपुर में जलशक्ति मंडल कार्यालय तो खोल दिया है, लेकिन पर्याप्त स्टाफ की तैनाती नहीं होने से कार्यालय का कामकाज प्रभावित है। वर्तमान में यहां केवल एक अधीक्षक, दो जेओए (आईटी) और एक अकाउंटेंट कार्यरत हैं। ड्राइंग सेक्शन पूरी तरह खाली है, जबकि अकाउंट सेक्शन को छोड़कर अन्य कई पद भी रिक्त पड़े हैं। कार्यालय में स्टाफ की कमी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुंदरम ठाकुर, धर्मपुर मंडल अध्यक्ष मदन मोहन मेहता और चंदन शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने कार्यालय तो खोल दिए, लेकिन कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की। उनका कहना है कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी भटकना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और ठेकेदारों ने सरकार और विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि धर्मपुर जलशक्ति मंडल में जल्द अधिशाषी अभियंता और ड्राइंग सेक्शन सहित अन्य रिक्त पदों को भरा जाए, ताकि विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।