कुसम्पटी बाजार में दो माह पहले मारपीट के बाद किया था प्रदर्शन, लोगों को भड़काने के भी लगे हैं आरोप
विज्ञापन
बिना अनुमति के एक गैरकानूनी सभा करने का भी आरोप अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कुसम्पटी बाजार में जुलाई माह में महिला के साथ हुई छेड़छाड़ मामले से उपजे विवाद के बाद हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने दो महिला पार्षदों समेत सात लोगों को नामजद किया है। अब तक इस मामले में चार एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
पुलिस ने गैर कानूनी सभा, सांप्रदायिक वैमनस्य भड़काने और धमकी देने की धाराओं के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस को दी शिकायत में मोहम्मद शादाब निवासी कोटगढ़ निवास कसुम्पटी ने आरोप लगाए हैं कि 11 जुलाई को बिना किसी पूर्व अनुमति के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों सहित कई लोगों ने कसुम्पटी बाजार में एक गैरकानूनी सभा का आयोजन किया। इसमें लोगों को एकत्रित करने के साथ ही उन्हें उकसाया गया। इस दौरान शिकायतकर्ता की दुकान सानिया फैशन बुटीक कसुम्पटी शिमला के पास बाजार में नफरत भरे भाषण दिए गए और सांप्रदायिक वैमनस्य को भड़काया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान वार्ड नंबर 27 की पार्षद रचना शर्मा ने उन्हें फोन कॉल के माध्यम से डराकर बेदखल करने की धमकी भी दी है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि प्रदर्शन करने वालों का नेतृत्व, संबोधन और समर्थन रचना शर्मा, कुसुम ठाकुर, श्वेता चौहान, कल्पना शर्मा, मदन ठाकुर, विजय शर्मा, विकास शर्मा और अन्य लोगों ने किया। इस दौरान लोगों को भड़काने वाले नारे भी लगाए गए। छोटा शिमला ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (1),189 और 351 के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। विगत दिनों महिला से छेड़छाड़ के मामले को लेकर दो समुदायों में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इसके बाद महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया और वहीं दो मामले मारपीट के दर्ज हुए थे। अब पुलिस ने एक अन्य मामले में धार्मिक भावनाओं को भड़काने समेत अन्य धाराओं के तहत चौथी एफआईआर दर्ज की है।