प्रशासन की मांग पर सरकार ने हैलीकॉप्टर दिया है लेकिन खराब मौसम के चलते कोई उड़ान नहीं हो सकी।
- फोटो : डेमो पिक
चंद्रखणी ट्रैकिंग रूट में फंसे इंजीनियरिंग के छात्रों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। इनसे करीब 48 घंटे पहले एक बार बात हुई थी। इसके बाद कोई संपर्क नहीं हो पाया। शुक्रवार शाम को छात्रों के पैरों के निशान जरूर मिले थे, लेकिन ताजा बर्फबारी के बाद अब ये भी गायब हो गए हैं। घनी धुंध और खराब मौसम के बीच युवकों की तलाश करना मुश्किल हो रहा है।
चंद्रखणी में बर्फ के बीच रास्ता भटके इन छात्रों की पहचान हो गई है। इनमें तीन हिमाचल, दो अंबाला, एक यूपी और एक गुरदासपुर का रहने वाला है। इनके साथ एक गाइड भी लापता है। प्रशासन की मांग पर सरकार ने युवकों की तलाश के लिए हैलीकॉप्टर भेज दिया है, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उड़ान नहीं भर पाया। ये सभी पंजाब के संगरूर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र हैं।
इनका संपर्क कुल्लू जिले के मौहल निवासी भरत से एक वेबसाइट के माध्यम से हुआ। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन को बिना कुछ बताए कुल्लू आ गए। आठ मार्च को ट्रैकिंग पर निकले थे। रास्ता भटकने के बाद उन्होंने 11 मार्च को सुबह 100 नंबर पर फोन किया था। खराब मौसम और ताजा बर्फबारी के बीच सर्च ऑपरेशन चलाने में में परेशानी हो रही है।
चंद्रखणी में रास्ता भटक गए हैं ये युवक
लापता युवक पंजाब के संगरूर स्थित लोंगोवाल इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ते हैं।
- फोटो : डेमो पिक
एसडीएम मनाली ज्योति राणा ने बताया कि युवकों की पहचान अनिल निवासी हमीरपुर, हितेंद्र शर्मा निवासी शिमला, चेतन अंबाला सिटी, सौरभ शर्मा अंबाला सिटी, अक्षय कुमार चंबा, रोहित कुमार नितकार जिला बाघपत यूपी और अंकुर गुरदासपुर के रहने वाले हैं। सभी छात्र लोंगोवाल इंजीनियरिंग कॉलेज के हैं। इनके साथ मौहल (कुल्लू) के गाइड भरत भी लापता हैं।
उपायुक्त कुल्लू हंसराज चौहान ने बताया कि छात्रों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। शनिवार को एक और टीम मौके पर भेजी गई है। सरकार ने हैलीकॉप्टर दे दिया है, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उड़ान नहीं हो पाई।
लोंगोवाल इंजीनियरिंग कॉलेज के डा. पी कुमार ने बताया कि सभी छात्र हमारे कॉलेज के हैं। उन्होंने इंटरनेट से कुल्लू में किसी से संपर्क साधा था। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन को जानकारी दिए बगैर चले गए हैं। यहां तक कि हॉस्टल से जाते वक्त छात्रों ने वार्डन को भी जानकारी नहीं दी है।