छंटनी के बाद जारी होगी उम्मीदवारों की अंतिम सूची
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। टुटू मार्केट वेलफेयर कमेटी (व्यापार मंडल) के चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इनमें प्रधान पद के लिए सबसे अधिक 7, उप-प्रधान पद के लिए चार, सचिव पद के लिए छह जबकि सह-सचिव पद के लिए चार नामांकन भरे गए हैं। कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष पद के लिए भी चार नामांकन दाखिल हुए हैं। वेलफेयर सोसायटी से 222 कारोबारी जुड़े हैं।
चुनाव समिति के सदस्य सुरेंद्र कुमार बाटला, यशपाल ठाकुर, रमेश कुमार, श्याम लाल और राकेश वर्मा ने कहा कि 14 से 16 जुलाई तक नामांकन पत्र लेने का समय दिया था। नामांकन पत्र 18 जुलाई शाम चार बजे तक वापस लिए जा सकते हैं। इसके बाद नामांकन पत्रों की छंटनी कर उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी। चुनाव में जिस तरह से नामांकन फॉर्म वितरित हुए हैं, उससे हर सीट पर मुकाबला रोचक होने के आसार नजर आ रहे हैं। हालांकि कारोबारियों में आपसी सहमति बनने के प्रयास भी हो रहे हैं। लेकिन प्रधान पद के लिए सात और महासचिव पद के लिए छह नामांकन फॉर्म भरे जाने से साफ है कि कारोबारी इस बार चुनाव के मूड में हैं।