पंजीकरण न होने से नहीं मिलीं दवाइयां, टेस्ट भी रुके संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में हिमकेयर योजना से जुड़े मरीजों को मंगलवार को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सर्वर न चलने से कुछ घंटों तक हिमकेयर कार्ड की सेवा बाधित रही।
सुबह लगभग 11 बजे से दोपहर एक बजे तक अस्पताल के हिमकेयर पोर्टल में सर्वर संबंधी समस्या के कारण कार्ड स्कैन नहीं हो पाए। इस कारण मरीजों के पंजीकरण, जांच और दवाओं के वितरण में देरी हुई। कई मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। मरीजों को निजी लैब में टेस्ट करवाने पड़े और दुकानों में जाकर दवाइयां खरीदनी पड़ीं। हिमकेयर योजना हिमाचल सरकार की एक महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जो राज्य के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को अस्पताल में कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान करती है। इस योजना के तहत लगभग 5 लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। आईजीएमसी प्रशासन ने बताया कि यह समस्या हिमकेयर सर्वर में आई गड़बड़ी के कारण हुई थी। आईटी विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोपहर तक सेवा को बहाल कर दिया है। मरीजों और उनके परिजनों ने इस असुविधा पर नाराजगी जताई और मांग की कि सरकार हिमकेयर प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाए।