सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
उज्जैन के मंदिरों में भगदड़ के बीच जिला कांगड़ा तीनों शक्तिपीठों में सुरक्षा के इंतजाम देखे गए। ज्वालामुखी, श्री चामुंडा नंदिकेश्वरधाम और बजेश्वरी मंदिर कांगड़ा में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। श्रद्धालुओं की हर गतिविधि पर भी सीसीटीवी कैमरों से भी पूरी तरह से निगरानी रखी गई। पुलिस जवान और होमगार्ड इस दौरान सतर्क नजर आए। शक्तिपीठ ज्वालामुखी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो कतारों में श्रद्धालुओं को मंदिर में भेजा गया। बजेश्वरी मंदिर कांगड़ा में एक ही द्वार से श्रद्धालुओं को माता के दर्शन के लिए भेजा गया और उसी द्वार से उनकी वापसी हुई। हालांकि मंदिर में आपातकालीन स्थिति से निपटने को आपातकाल द्वार भी स्थापित किया गया है।
दियोटसिद्ध में पत्थर गिरने से महिला हो गई थी जख्मी
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बरसात के मौसम में पहाड़ियों के दरकने की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मास मेलों के दौरान नौ अप्रैल की रात को बैरियर नंबर एक के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक महिला घायल हो गई थी। पिछले वर्ष बरसात में मंदिर के गेट नंबर पांच की सीढ़ियों पर पहाड़ी से पत्थर गिरे थे। पिछले वर्ष पत्थर गिरने की घटना के बाद मंदिर न्यास ने गेट नंबर पांच के पास लोहे के एंगल और जाली लगा दिए। बैरियर नंबर एक के पास ग्राउटिंग करने की योजना तैयार की है, पर काम अभी शुरू नहीं हुआ है।
मणिमहेश यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था का चक्र ये रहेगा
पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान ट्रस्ट ने स्लॉट बुकिंग के तहत प्रतिदिन पांच हजार श्रद्धालुओं को ही यात्रा पर आगे भेजने का निर्णय लिया है। बारिश होने पर यात्रा रोक दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत डल झील से सुंदरासी तक एनडीआरएफ के 40 जवान, सुंदरासी से धनछौ तक पर्वतारोहण बचाव दल के 60 और धनछौ से हड़सर तक एसडीआरएफ के 30 जवान तैनात रहेंगे। आईटीबीपी के 20 जवान और तैनात किए जाएंगे। चंबा से हड़सर तक पुलिस व्यवस्था संभालेगी।