हिमाचल समेत देश भर में कैंसर के इलाज को सस्ता करने में जल्द सफलता मिल सकती है। सीएसआईआर-आईएचबीटी (इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन बायोरिसोर्स टेक्नोलॉजी) संस्थान पालमपुर के वैज्ञानिकों ने पर्वतीय चोटियों में पाया जाने वाला कैंसर प्रतिरोधक एंजाइम खोज निकाला है।
कैंसर से लड़ने में कारगर एल-ऐस्पर्जिनैस नामक एंजाइम को हिमालय पर्वत की ऊंची श्रृंखलाओं से खोजा गया है। यह इंजाइम करीब 4500 मीटर की ऊंचाई पर ग्लेशियर में मौजूद बैक्टीरिया में पाया गया है। वैज्ञानिकों ने इसमें 600 विभिन्न बैक्टीरिया पर किए शोध के बाद इस एंजाइम की गुणवत्ता को जांचा है।
हालांकि यह एंजाइम कैंसर के कुछ प्रकारों में ही कारगर साबित होगा। इस एंजाइम को मेडिकल के अलावा खाद्य पदाथों में भी प्रयोग किया जा सकेगा। सीएसआईआर इसे जल्द मार्किट में उतार सकता है।
अब तक विदेशों से करीब 60 से 70 प्रतिशत एंजाइम विदेशों से करोड़ों रुपये के खर्च कर आयात किया जाता है। सीएसआईआर के वैज्ञानिकों के शोध के बाद पाया कि ग्लेशियरों में मौजूद बैक्टीरिया खुद को आसानी से मौसम के अनुकूल ढाल लेते हैं। इन बैक्टीरिया में कुशल एवं ग्लूटामिनेज रहित एंजाइम एल-ऐस्पर्जिनैस पाया गया है। उच्च ग्लूटामिनेज रोग के लिए जिम्मेदार है।