रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन ने मनाया 25वां वार्षिक कार्यक्रम
इंटर स्कूल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन की ओर से रविवार को 25वां वार्षिक कार्यक्रम मंथन 2026 का आयोजन किया गया। क्लब की ओर से आरकेएमवी कॉलेज में इंटर स्कूल प्रतियोगिता आयोजित की गई। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रतियोगिताओं में शहर और आसपास के स्कूलों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस दौरान भाषण, नारा लेखन और ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और देश की युवा शक्ति पर भी असर डालता है। नशे के खिलाफ लड़ाई में परिवार, शिक्षण संस्थानों, समाज, स्वयंसेवी संगठनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इस अवसर पर क्लब के जिला गवर्नर रोटेरियन रीता कालरा ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में रोटरी के प्रयासों की जानकारी दी और सामाजिक एवं सामुदायिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन के अध्यक्ष रोटेरियन कवि खन्ना और रोटेरियन अपर्णा नेगी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।