शिक्षा विभाग ने वर्दी की खरीद का जिम्मा राज्य खाद्य आपूर्ति निगम को सौंपा है। लेकिन अभी तक निगम ने वर्दी की खरीद के लिए टेंडर अवार्ड नहीं किया है। टेंडर प्रक्रिया और वर्दी सैंपल की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद से मामला फाइलों में बंद हो गया है।
निगम ने फाइल सरकार को भेज दी है। बीते एक सप्ताह के दौरान इस मामले को लेकर कोई फैसला नहीं हो सका है। इसी बीच जेल विभाग ने वर्दी की खरीद का टेंडर उन्हें देने का प्रस्ताव भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में इस साल से सरकारी स्कूलों में वर्दी का रंग और रूप बदलने जा रहा है। जयराम सरकार ने स्कूली बच्चों को स्मार्ट वर्दी देने का फैसला लिया है। छात्राओं को तीन रंगों की चेकदार स्मार्ट वर्दी देना प्रस्तावित है।
सरकार ने लड़कियों के लिए लाल, काले और सफेद रंग की चेकदार वर्दी को मंजूर किया है। छठी से बारहवीं तक की छात्राओं को दुपट्टा भी दिया जाएगा। वहीं लड़कों की वर्दी हरे रंग की पेंट और हरे रंग की चेक शर्ट होगी।