जुन्गा (शिमला)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चियोग में शैक्षणिक सत्र की प्रथम आमसभा बुधवार को आयोजित की गई। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष रमेश वर्मा और प्रधानाचार्य संदीप कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों पर चर्चा की गई। 12वीं का परिणाम 98.2 प्रतिशत आने पर एसएमसी के सदस्यों ने प्रधानाचार्य और सभी अध्यापकों को बधाई दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्रा गुंजन ने 87 फीसदी अंक लेकर पहला और गगन ने 86 फीसदी अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आमसभा में मुद्दों पर चर्चा की गई। विद्यालय प्रबंधन समिति गठित की गई जिसमें पहली से 12वीं कक्षा तक के अभिभावकों की ओर से सदस्यों का चयन किया गया। सभा में सरकार की ओर से चलाई जा रही क्लस्टर प्रणाली की जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि सभी विद्यार्थियों के विकास और शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्यों यह कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के विकास कार्यों में सहयोग करने, बच्चों को नशे और मोबाइल फोन से दूर रखने की अपील की।