नगर निगम महापौर से मिले बैंक प्रमुख
बोले भवन में टपक रहा पानी, हो रहा नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के मालरोड पर कालीबाड़ी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के भवन की मरम्मत के लिए नगर निगम से मंजूरी मांगी है। शहर के कोर और हेरिटेज जोन में स्थित इस क्षेत्र में भवनों के निर्माण और मरम्मत की मंजूरी नगर निगम और सरकार की हेरिटेज कमेटी देती है। बैंक के राज्य प्रमुख शनिवार को नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान से मिले। कहा कि इस ऐतिहासिक भवन में कई जगह से पानी अंदर घुस रहा है। इससे नुकसान हो रहा है। इसकी मरम्मत की जरूरत है। इसके लिए नगर निगम मंजूरी दे। महापौर ने इस बारे में वास्तुकार शाखा से जानकारी ली। वास्तुकार ने कहा कि इस क्षेत्र में हेरिटेज कमेटी ही भवन की मरम्मत की मंजूरी देती है। बैंक ने इसके पास आवेदन किया था। लेकिन कमेटी ने इसमें कुछेक आपत्तियां लगाई हैं। इसे दूर करने पर मंजूरी मिल सकती है। महापौर ने कहा कि बैंक इन आपत्तियों को जल्द दूर करें। इस काम को मंजूरी मिल जाएगी। महापौर ने बैंक के अधिकारियों से सीएसआर के तहत नगर निगम को मदद देने का आग्रह किया। कहा कि बैंक नए कामों के अलावा स्ट्रीट लाइटों, पार्क निर्माण आदि को लेकर बजट दे सकता है।