भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने प्रदेश सरकार की ओर से तैयार की गई खेल नीति-2020 की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि इस खेल नीति से ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ के पदक विजेताओं को पेंशन दी जाएगी। हिमाचल में खिलाड़ियों को वेतन-पेंशन और तीन नए अवार्ड भी दिए जाएंगे।
अर्जुन अवार्ड, ध्यानचंद अवार्ड और राजीव गांधी खेलरत्न प्राप्त अवार्डियों को मासिक वेतन देने का निर्णय लेकर सरकार ने खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से और सशक्त बनाने के लिए एक कारगर कदम उठाया है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की दृष्टि से 58 करोड़ से ट्रेनिंग डेस्टिनेशन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
सत्ती ने कहा कि खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में तीन फीसदी आरक्षण और एथलीट को घायल होने पर एक लाख का बीमा कवर देने का फैसला लेकर सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों को सम्मान दिया है। वहीं, खिलाड़ियों को आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि से एक सार्थक पहल भी की है।
कहा कि सरकार ने नई खेल नीति को लेकर प्रदेश की जनता से सुझाव भी मांगे हैं। सुझाव आने के बाद इसमें आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। राजपत्र में अधिसूचित होने के बाद प्रदेश में खेल नीति 2020 लागू हो जाएगी।