किसानों और बागवानों के हित में संघर्ष कर रहे संयुक्त किसान मंच को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का साथ मिल गया है। मंगलवार को जुब्बल-कोटखाई से कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि संयुक्त किसान मंच के आंदोलन को हमारा समर्थन रहेगा। दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर लोग संयुक्त किसान मंच के साथ जुडे़ हैं। मेरी सभी किसान बागवानों से अपील है कि पांच अगस्त के कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर शामिल हों। सभी किसान- बागवान हैं, यह हमारी आर्थिकी से जुड़ा सवाल है, राजनीति का सवाल नही है। उधर कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि पार्टी किसान बागवानों के साथ है। सेब बागवान संकट के दौर से गुजर रहे हैं। संयुक्त किसान मंच आंदोलन कर रहा है लेकिन फिर भी सरकार की लापरवाही की नींद नहीं टूट रही। कांग्रेस भी अपने स्तर पर किसान बागवानों की आवाज उठा रही है। हर वह संगठन जो किसान बागवानों की आवाज बन रहा है कांग्रेस पार्टी उसके साथ है।
5 अगस्त के संयुक्त किसान मंच के आंदोलन को भी कांग्रेसी पार्टी समर्थन देगी। उधर, आम आदमी पार्टी ने भी 5 अगस्त के प्रदर्शन को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। आम आदमी पार्टी किसान विंग के प्रदेशाध्यक्ष अनिंदर सिंह नॉटी ने बताया कि दिल्ली में किसान आंदोलन के दौरान भी पार्टी ने पूरा समर्थन दिया था। भाजपा सरकार ने बागवानों पर भारी भरकम जीएसटी का बोझ डाल दिया है। एपीएमसी एक्ट की धज्जियां उड़ाई जा रही है। खाद, बीज दवाई उपलब्ध नहीं करवाई जा रही। आम आदमी पार्टी ने हमेशा किसान बागवानों के हित के लिए आवाज उठाई है। सरकार झूठे आश्वासन देकर बागवानों को गुमराह कर रही है। आम आदमी पार्टी के सभी पदाधिकारी और वालंटियर इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में अपना पूर्ण सहयोग देंगे।