150 छात्राओं के लिए बनेगा छात्रावास भवन
कला संकाय के लिए बनेगा बहुमंजिला भवन अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी शिमला के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज के बहुमंजिला कन्या छात्रावास और कला संकाय ब्लॉक के साथ पार्किंग का निर्माण कार्य नए साल में शुरू हो पाएगा।
कॉलेज में चल रही आंतरिक परीक्षाओं और उसके तुरंत बाद एक जनवरी से 4 फरवरी तक रहने वाले सर्दियों के अवकाश के कारण इन निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री से शिलान्यास करवाने की तैयारी है। ऐसे में फरवरी माह में ही इसका शिलान्यास होगा। कॉलेज के इन तीनों निर्माण कार्यों के नक्शों को नगर निगम से मंजूरी मिल चुकी है। कॉलेज प्राचार्य डाॅ. भारती भागड़ा ने कहा कि फरवरी में कॉलेज खुलने के बाद इन कार्यों के शिलान्यास होंगे। उन्होंने कहा कि कॉलेज में इन दिनों आंतरिक परीक्षाएं चल रही हैं। खुलने पर ही अब शिलान्यास कार्यक्रम संभव हो सकेगा। कन्या छात्रावास का करीब आठ करोड़ और कला संकाय ब्लॉक के निर्माण पर नौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे कॉलेज को 15 अतिरिक्त कमरे मिल जाएंगे। इससे कॉलेज में शुरू की गई पीजी कोर्स की कक्षाओं को संचालित करने में आसानी होगी। कॉलेज में 60 फीसदी से अधिक छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं, मगर इनके लिए छात्रावास की सुविधा अभी तक नहीं हैं। कॉलेज परिसर से गेट तक की मुख्य सड़क के किनारे स्टील स्ट्रक्चर की पार्किंग भी बनाई जानी है।