हिमाचल सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों और अधिकारियों को तोहफा दिया है। अब उनका बेसिक वेतनमान हिमाचल सरकार के अनुबंध स्वास्थ्य कर्मचारियों और अधिकारियों के बराबर होगा। हिमाचल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने बुधवार को इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। इस फैसले से एनएचएम में तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों को 2000 से लेकर 17000 रुपये तक फायदा होगा।
इसके अलावा नौकरी के दौरान अगर किसी कर्मचारी व अधिकारी की मृत्यु होती है तो ऐसी स्थिति में उनके आश्रितों के लिए भी नौकरी का प्रावधान किया गया है। मिशन के इस फैसले से दो हजार से ज्यादा कर्मचारियों व अधिकारियों को फायदा होगा। कर्मचारियों को हर महीने 400 रुपये प्रति महीने मेडिकल अलाउंस भी मिलेगा। इसके अलावा कर्मचारियों को 12 कैजुअल लीव, 10 मेडिकल, पांच स्पेशल लीव और दो आरएच भी मिलेगी।
कर्मचारियों के सेवाकाल अवधि के अनुसार बेसिक वेतन पर 3 फीसदी इंक्रीमेंट मुहैया होगा। यह इंक्रीमेंट दिसंबर 2021 तक मिलेगी। एक जनवरी 2022 से बेसिक वेतन पर 5 फीसदी वार्षिक इंक्रीमेंट देने का भी फैसला लिया है। अगर एनएचएम के कर्मचारी फील्ड में जाते हैं तो ऐसी स्थिति में उन्हें टीए और डीए भी मिलेगा। इसके लिए एनएचएम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अमीचंद शर्मा ने प्रदेश सरकार का आभार जताया है।
गौर हो कि एनएचएम के कर्मचारियों ने बीते कई माह से अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। ऐसे में प्रदेश सरकार ने इनकी मांगों को लेकर कमेटी गठित की थी। इसमें सरकारी अधिकारी व यूनियन के पदाधिकारी शामिल थे। एनएचएम निदेशक हेमराज बैरवा ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों को राहत दी गई है। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों को फायदा होगा।