शिमला। धामी उपतहसील के राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोहबाग के शुक्रवार को आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावियों को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
समारोह में लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब रंग जमाया। प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र चौहान ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की। मुख्यातिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये और स्कूल के खेल मैदान को 15 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्ध है। इस दिशा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू निरंतर कार्य कर रहे हैं ताकि वंचित वर्गों को घरद्वार पर शिक्षा सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने वित्तीय कुप्रबंधन से प्रदेश के विकास को ग्रहण लगाया है। उन्होंने दोहराया कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है और इस क्षेत्र को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक सोहन लाल, प्रदेश मानवाधिकार महासचिव महेश वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, प्रधान कोहबाग प्रवीण शर्मा, प्रधान ऊषा, स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश मौजूद रहे। संवाद