महिला मोर्चा की जिला महामंत्री, मंडल की महामंत्री, प्रदेश पर्यटन प्रकोष्ठ की कनवीनर समेत दो दर्जन लोगों को बैठक से बाहर भेज दिया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
संसदीय क्षेत्र हमीरपुर की 17 सीटों के लिए हमीरपुर में आयोजित टिकट रायशुमारी बैठक में जमकर विवाद हुआ है। रविवार सुबह 10:00 बजे जैसे ही बैठक शुरू हुई तो कुछ सदस्यों का सूची से नाम गायब पाया गया। इसे लेकर गुस्साए पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा किया। बाद में छूटे नामों को सूची में शामिल किया गया। लेकिन सूची तैयार होते ही जब दूसरी बार बैठक शुरू हुई तो मंच से एक पदाधिकारी ने कहा कि इस बैठक में केवल अपेक्षित लोग ही शामिल हो सकते हैं। शेष को बैठक स्थल से बाहर जाना होगा।
विज्ञापन
इस दौरान महिला मोर्चा की जिला महामंत्री, मंडल की महामंत्री, प्रदेश पर्यटन प्रकोष्ठ की कनवीनर समेत दो दर्जन लोगों को बैठक से बाहर भेज दिया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि जब वे बैठक में अपेक्षित नहीं हैं तो फोन करके क्यों बुलाया गया। बैठक से बाहर निकालने पर उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि बंद कमरे में बैठे चंद लोग कैसे पार्टी प्रत्याशियों का चयन कर सकते हैं। इसके लिए खुले मंच से पार्टी प्रत्याशियों का चयन होना चाहिए।
बैठक स्थल से बाहर हंगामा और शोर शराब सुनकर कुछ अन्य पदाधिकारी भी बाहर आ गए। इस दौरान खूब कहासुनी भी हुई। दरअसल, संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी प्रत्याशियों के नामों का चयन करने के लिए मतदान हुआ। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी, जिला और मंडल कार्यकारिणी के चुनिंदा लोगों को ही मतदान का अधिकार था। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक प्रत्येक मंडल से करीब 40-40 लोग ही इस बैठक में अपेक्षित थे।