तपोवन (धर्मशाला)। हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत संचालित छह पार्किंग परियोजनाओं पर 14 करोड़ रुपये की देनदारी बकाया है। इनमें शिमला की लिफ्ट पार्किंग, छोटा शिमला और संजौली पार्किंग पर सबसे अधिक राशि लंबित है। इन परियोजनाओं से कन्सेशन फीस की वसूली कानूनी विवादों की कार्यवाही में उलझी हुई है। कई मामले प्रदेश हाईकोर्ट और राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में विचाराधीन हैं। अर्की के विधायक संजय अवस्थी की ओर से विधानसभा में पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने यह जानकारी सदन के पटल पर रखी। शिमला की लिफ्ट पार्किंग पर 5.06 करोड़ रुपये से अधिक और छोटा शिमला पार्किंग पर 2.88 करोड़ रुपये की देनदारी लंबित है। संजौली पार्किंग पर 4.31 करोड़ रुपये से अधिक की कन्सेशन फीस बकाया है। टूटीकंडी क्रॉसिंग पार्किंग पर करीब 1.83 करोड़ रुपये की राशि लंबित है। इसके अलावा मंडी के यू-ब्लॉक स्कूल बाजार पार्किंग की जून 2026 से देय दूसरी किस्त भी लंबित है। ब्यूरो