शिमला। रोटरी क्लब हिल क्वींस ने शुक्रवार को सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) के परिसर में अंगदान के महत्व पर जागरूकता शिविर लगाया। इस कार्यक्रम में एजीएमसी के प्रोफेसर एवं सोटो के नोडल अधिकारी वरिष्ठ सर्जन डॉ. पुनीत महाजन ने अंगदान का महत्व बताया। डॉ. महाजन ने पीपीटी के माध्यम से बताया कि भारत में अंगदाताओं की संख्या बेहद कम है। केवल मस्तिष्क मृत (ब्रेन डेड) व्यक्ति ही अंगदान कर सकता है। उन्होंने लोगों को समझाया कि एक व्यक्ति का अंगदान आठ लोगों को नया जीवन दे सकता है।उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि वह अंगदान के लिए सरकारी वेबसाइट पर जाकर स्वयं को पंजीकृत करें और इस पुण्य कार्य में योगदान दें। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वह अपने आसपास के लोगों को भी इस विषय पर जागरूक करें। एसजेवीएनएल के निदेशक (कार्मिक) अजय शर्मा ने कार्यक्रम में विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने रोटरी हिल क्वींस की इस पहल की सराहना की। रोटरी हिल क्वींस की अध्यक्ष रोटेरियन माला सिंह ने इस जागरूकता शिविर को सफल बनाने के लिए एसजेवीएनएल और डॉ. पुनीत महाजन का आभार जताया। इस मौके पर सचिव रोटेरियन तरुणा कौशल, गुरप्रीत कौर, पूजा गोयल, मीना चंदेल, रिमी आहुजा और नरेश मौजूद रहे। संवाद