यहां फंसी थी सौ से ज्यादा गाड़ियां
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में मौसम खुलते ही भूस्खलन के चलते बंद पड़ी सड़कों और रास्तों को बहाल करने का काम तेज हो गया है।
शहर के टुटीकंडी वार्ड में पांजड़ी सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। एनएच पर हुए भारी भूस्खलन के चलते यह सड़क कई दिन से बंद पड़ी थी। इसके चलते यहां सौ से ज्यादा गाड़ियां भी फंसी हुई थीं। लोगों की मांग पर उपमहापौर उमा कौशल ने मंगलवार को दिन के समय यहां मशीनरी भिजवा दी थी। देर शाम तक इस सड़क को खोल दिया है। बुधवार से इस पर वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। अनाडेल सड़क को भी बहाल करने का कार्य चल रहा है। इसके अलावा वार्डाें में रास्तों से भी मलबा हटाया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार जिन सड़कों के डंगे ढहे हैं, उनके प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। जल्द ही इनका काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
नगर निगम की आधा दर्जन सड़कें बंद
शहर में नगर निगम की आधा दर्जन सड़कें बंद हैं। इनमें बैम्लोई कनलोग, नाभा, अपर ढली, भराड़ी, कोमली बैंक, हाउसिंग बोर्ड कालोनी बैनमोर की सड़कें शामिल हैं। इन्हें बहाल करने के लिए अभी कई दिन लग सकते हैं।
बहाल की जा रही हैं सड़कें : उपमहापौर
शहर में बंद पड़ी सड़कों और रास्तों को नगर निगम प्राथमिकता से बहाल कर रहा है। पांजड़ी भी सड़क बहाल कर दी गई है। बाकी सड़कों की बहाली के काम भी जल्द शुरू होंगे।
-उमा कौशल, उपमहापौर नगर निगम शिमला