शिमला ग्रामीण की 14 और कसुम्पटी की 10 सड़कों में भूस्खलन से बाधित हुआ यातायात
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में मंगलवार रात और बुधवार को हुई बारिश से 77 संपर्क व अन्य सड़कें बंद हो गईं, जिससे यातायात बुरी तरह बाधित हुआ। हालांकि, लोक निर्माण विभाग के संबंधित डिवीजनों ने जेसीबी मशीनों और मजदूरों को लगाकर भूस्खलन का मलबा हटाने व सड़कों को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी रखा।
इस बारिश से लोक निर्माण विभाग के शिमला सर्किल की बाधित हुई 20 में से 12 सड़कों को बहाल कर दिया गया है। वहीं रामपुर सर्किल में अवरुद्ध 57 (जिनमें दो अंतर-जिला सड़कें भी शामिल हैं) में से 26 सड़कों पर ट्रैफिक दोबारा शुरू कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग धामी डिवीजन के अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल ने बताया कि उनके मंडल में 14 संपर्क और मुख्य सड़कें बारिश के कारण हुए भूस्खलन से बंद हुई थीं, जिनमें से अधिकतर को खोल दिया गया है। वहीं सुन्नी-चाबा-लूहरी सड़क का एक हिस्सा पहले ही ढह जाने के कारण उस पर यातायात पूरी तरह बंद है, जिसे खोलने में अभी और समय लगना तय है। उधर, कसुम्पटी मंडल के अधिशासी अभियंता नवीन कौंडल ने बताया कि बारिश से करीब 10 सड़कें बंद हुई थीं। इन सड़कों को मशीनें लगाकर त्वरित प्रभाव से ट्रैफिक के लिए बहाल कर दिया गया।