शिमला। न्यायालय के आदेशों पर नगर निगम की ओर से तहबाजारियों और अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब लोअर बाजार में साफ नजर आने लगा है। एक सप्ताह से जारी कार्रवाई के बाद बाजार में पैदल चलने के लिए जगह खुल गई है। अब लोगों को खरीदारी करने के दौरान पहले जैसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी विपन लाल भमटा ने कहा कि कार्रवाई के बाद लोअर बाजार सुंदर और साफ नजर आने लगा है। अब बाजार में चलना आसान हो गया है और अनावश्यक भीड़ भी कम दिखाई दे रही है। मुनी लाल ने कहा कि बाजार में ग्राहकों के लिए पर्याप्त जगह होना जरूरी है। अतिक्रमण और तहबाजारियों के कारण लोगों को परेशानी होती थी। प्रशासन को इसी तरह सख्ती बरकरार रखनी चाहिए। स्थानीय निवासी सीता ने कहा कि करीब 20 साल पहले लोअर बाजार की सड़कें इसी तरह खुली नजर आती थीं। देवेंद्र चौहान ने कहा कि शहर के अन्य बाजारों में भी सीढ़ियों और रास्तों पर लगने वाली दुकानों को हटाना जरूरी है। ब्यूरो