फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने हिमाचल को दी बड़ी सौगात

Sun, 08 May 2016 11:55 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, धर्मशाला, चंबा

सार

  • हिमाचल में बनेंगे 17 नए नेशनल हाईवे
  • धर्मशाला में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी सैद्धांतिक मंजूरी
  • सूबे में 1368 किमी हाईवे बनेगा, 15 हजार करोड़ होंगे खर्च
  • राज्य के अनुमोदन पर 200 किलोमीटर और एनएच बनेगा
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत करते परिवहन मंत्री जीएस बाली और वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल के लिए 17 नए राष्ट्रीय राजमार्गों को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। गडकरी ने यह घोषणा धर्मशाला में परिवहन मंत्री जीएस बाली के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में 1500 किलोमीटर नेशनल हाईवे बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस पर करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विज्ञापन


कुल 1368.20 किलोमीटर लंबे हाईवे के निर्माण को मंजूरी दे दी गई जबकि की 200 से 250 किलोमीटर हाईवे सांसद, सीएम और जनप्रतिनिधि के प्रस्ताव पर मंजूर किया जाएगा। परिवहन मंत्री जीएस बाली की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने नगरोटा बगवां और मस्सल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग स्थल पर ओवरहेड ब्रिज बनाने को स्वीकृति प्रदान की।

इन मार्गों को बनाया जाएगा एनएच-भोटा से जाहू-कलखल-नेरचौक (57 किमी), रानीताल से कोटला (47 किमी), राहडू-टिक्कर-दियोड़ी-कोटखाई (62 किमी), छैला से सैंज-ओच्छघाट-सराहन-नारायणगढ़ (153 किमी), शिमला के तारादेवी से कुनिहार-रामशहर-नालागढ़-घनौली (106 किमी), नेरी पुल से अनौरा-राजगढ़-बनेठी (118 किमी), मंडी-गगल-चैलचौक-जंजैहली-बाग-नागन (125 किमी),
विज्ञापन


नारकंडा-बागी-टिक्कर-रोहडू  (78 किमी), तकलेश से नोगली  (14 किमी), घुमारवीं-जाहू-सरकाघाट (43 किमी), हमीरपुर-सुजानपुर-आलमपुर-पालमपुर (59 किमी), थानाकलां से बंगाणा-नादौन (30 किमी), नादौन से टिहरा सुजानपुर-संधोल-कंडापत्तन (65 किमी), बरोटीवाला से पट्टा-अर्की-शालाघाट (83 किमी),

शिमला से ढली-तत्तापानी-चुराग-रोहांडा-सुंदरनगर (100 किमी) मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इसके अलावा धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से जोड़ने के लिए हाटकोटी से रोहडू-तकलेश-ज्यूरी (125 किमी) और बंगा-श्री आनंदपुर साहिब से श्री नैना देवी जी-स्वारघाट तक 103 किलोमीटर सड़क शामिल है।

सीएम के हेलीकॉप्टर से अचानक भरमौर पहुंचे गडकरी

भरमौर पहुंचे नितिन गडकरी परिवार के साथ। - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को सीएम के हेलीकॉप्टर से परिवार के साथ अचानक चंबा आ पहुंचे। यहां उन्होंने ऐतिहासिक लक्ष्मी नारायण मंदिर में शीश नवाया और फिर भरमौर के लिए रवाना हो गए। भरमौर में गडकरी भाजपा पदाधिकारियों से मिले और लौट गए। चंबा में गडकरी ने राज्य सरकार से पहाड़ी इलाकों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रोजेक्ट बनाने के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि यहां पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं और उन्हें बेहतर ढंग से तराशा जा सकता है। पर्यटन कारोबार से पहाड़ों पर बसे लोगों को रोजगार से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए 15 हजार करोड़ के टेंडर हो चुके हैं जबकि दस हजार करोड़ रुपये की डीपीआर बनकर तैयार है। पठानकोट-चंबा-भरमौर के साथ चुराह और पांगी को भी राजमार्ग से जोड़ने पर केंद्र सरकार विचार करेगी। उन्होंने कहा कि जो भी राष्ट्रीय राजमार्ग हिमाचल में मंजूर हुए हैं, उनमें कोई फेरबदल नहीं होगा।

गडकरी ने कहा कि यह उनका निजी दौरा है, इसी महीने वे सरकारी दौरे पर आएंगे। गडकरी के साथ परिवहन मंत्री जीएस बाली, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक बीके चौहान, चुराह के विधायक हंसराज, भाजपा जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर, महामंत्री जय सिंह, जिया लाल कपूर आदि मौजूद रहे।

एनएच रोकेंगे सड़क हादसे- केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में हर साल पांच लाख सड़क हादसे होते हैं। इनमें करीब डेढ़ लाख लोग मारे जाते हैं। नए नेशनल हाइवे बनने के बाद सड़क हादसे रोकने में मदद मिलेगी। गडकरी चंबा दौरे के दौरान डलहौजी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में नए राष्ट्रीय राजमार्ग जो छूट गए हैं, उन्हें भी जोड़ा जाएगा। मई के अंत में दोबारा आएंगे। कहा कि प्रदेश के लिए नए 1368 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग को मंजूरी दी है। हमारे देश में 96 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग थे, उन्हें दो लाख किलोमीटर करने का निर्णय किया है। इस दौरान परिवहन मंत्री जीएस बाली, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, पूर्व विधायक रेणु चड्ढा भी मौजूद रहीं।

शीघ्र शुरू होगा सरचू-लेह सड़क का काम

केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी - फोटो : अमर उजाला
प्रदेश को 15 हजार करोड़ के 17 नए राष्ट्रीय मार्ग देने पर धर्मशाला में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश भाजपा महासचिव कृपाल परमार की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिला। उनके साथ पूर्व परिवहन मंत्री किशन कपूर, कांगड़ा-चंबा के संगठन महामंत्री संजय ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा, पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, भाजपा अध्यक्ष पालमपुर विनय शर्मा, कांगड़ा भाजपा के महासचिव चंद्रभूषण नाग भी थे।

प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को पठानकोट तीसा-कलाड़, सरचू से लेह सड़क जिसकी लंबाई 483 किलोमीटर है, का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने का प्रस्ताव रखा। कहा कि पठानकोट से लेह मार्ग का कार्य प्रस्तावित है।

इसकी लंबाई 800 किलोमीटर है, लेकिन पठानकोट-तीसा-कलाड़, सरचू से लेह की लंबाई कम होने से देश का सुरक्षा चक्र कम दूरी के साथ मजबूत होगा। सेना को भी अपनी कार्रवाई के दौरान ठिकानों पर पहुंचने में काफी मदद मिलेगी। सेना की सुविधा और देश सुरक्षा के लिए इस मार्ग का निर्माण अति आवश्यक है। केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव को मंजूर कर लिया। आश्वासन दिया कि इसका निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन

पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्यालय चंबा शिफ्ट करने की मांग

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी - फोटो : अमर उजाला
नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मांग की है कि पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग का काम धीमी गति से चल रहा है। उसमें तेजी लाने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने इस संबंध में नगर परिषद की ओर से एक ज्ञापन भी केंद्रीय मंत्री को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्यालय कांगड़ा के शाहपुर में खोला गया है।

इस पूरे राजमार्ग का काम चंबा जिला में होना है। ऐसे में एनएच कार्यालय भी चंबा ही खोला जाए। नगर परिषद अध्यक्ष चंबा नीलम नैय्यर ने बताया कि चंबा शहर में मौजूदा समय में बीस लाख की आबादी है। यहां पर न तो किसी तरह के औद्योगिक क्षेत्र और न ही रोजगार के स्त्रोत हैं। ऐसे में यहां की आबादी छोटे मोटे काम धंधे करके अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं।

इसी के चलते नगर परिषद चंबा की भी इतनी आय नहीं है कि वह लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर सके। चंबा शहर में सात श्मशानघाट हैं, जिनके रास्ते काफी खराब है। नगर परिषद ने चंबा के श्मशानघाट की मरम्मत के लिए 70 लाख रुपये तथा सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 80 लाख रुपये का बजट मुहैया करवाने की मांग केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री से की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें