शिमला ढली से छराबड़ा के बीच सड़क पर की टायरिंग उखड़ी। फोटो संवाद
कई जगह उखड़ गई टारिंग, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बारिश में ही कुफरी और खलीनी में लोक निर्माण विभाग ने टारिंग कर दी। इस टारिंग पर लोगों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से आगे दौड़ और पीछे छोड़ वाला कार्य किया जा रहा है और कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। बारिश के बीच टारिंग कई जगह उखड़ भी गई है। इससे समय और पैसे की बर्बादी हो रही है। विभाग के अधिकारी भी आंखें मूंदकर कार्य करवाने में जुटे हुए हैं। इससे कोई फायदा नहीं हो रहा है। बारिश में की जा रही टारिंग का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब मौसम ठीक था तो विभाग की ओर से टारिंग शुरू नहीं की गई। अब जैसे ही बारिश शुरू हुई तो टारिंग का कार्य शुरू कर दिया। इससे लीपापोती हो रही है। उधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर टारिंग तापमान को देखते हुए की जा रही है। अगर कहीं टारिंग उखड़ी है तो पता लगाकर ठीक करवाया जाएगा।