नालागढ़ के गुल्लरवाला करसौली में सड़क की टायरिरंग का कार्य नारियल तोड़ कर शुरू कराते हुए विधायक
पंजाब की सीमा तक एक किमी सड़क सुधरेगी विधायक ने पंचायत में की लाखों की घोषणाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। गुल्लरवाला-करसोली पंचायत में सड़क और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य शुरू किए गए हैं। नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने पंचायत घर से पंजाब सीमा तक करीब एक किलोमीटर सड़क पर पैचवर्क और टायरिंग का कार्य शुरू करवाया। इस पर आठ लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़क की हालत सुधरने से ग्रामीणों और पंजाब सीमा की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, विधायक ने बरसाती पानी की निकासी और बस्तियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए भी धनराशि देने की घोषणाएं कीं।
विधायक ने दर्शन के घर के पास पुलिया निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। राजपूत बस्ती में इंटरलॉक टाइलें लगाने के लिए दो लाख रुपये और टपरियां की हरिजन बस्ती में दो पुलियों के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, लुबाना बस्ती में धर्मपाल के घर से आगे करीब 150 मीटर लंबा नाला बनाने की भी घोषणा की गई। इन कार्यों से रास्तों की स्थिति बेहतर होने और बरसाती पानी की निकासी में मदद मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य योगेश्वर राणा, पंचायत प्रधान रजनी भल्ला, उपप्रधान दविंदर सिंह, पंच नानक राम, बीडीसी सदस्य अंजू बाला सहित पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।