अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर में बरसात के मौसम में क्षतिग्रस्त हुईं सड़कों की टारिंग का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। टुटीकंडी से विभाग ने सड़कों पर गड्ढों को भरने के लिए टारिंग शुरू कर दी है।
विभाग के मुताबिक आने वाले दस दिनों में शहर की सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा। इससे शहरवासियों को सड़कों पर पड़े गहरे गड्ढों से होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। शिमला शहर में लोक निर्माण विभाग की करीब 40 किलोमीटर सड़कें हैं। इसके लिए करीब एक करोड़ रुपये का बजट रखा है। सड़कों की मरम्मत के दौरान गड्ढों को भरने के साथ ही खस्ताहाल स्थानों पर भी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। इससे शहर में सड़कों पर सफर करने वाले हजारों लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग शिमला सर्किल के अधीक्षक अभियंता दीपक चौहान ने बताया कि शहर में सड़कों की टारिंग और गड्ढों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। मौसम अनुकूल रहा तो आने वाले दस दिनों में सभी सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
भारी बारिश से सड़कें खस्ताहाल
शहर में पिछले तीन महीनों से हुई भारी बारिश के कारण सड़कों की हालत दयनीय हो गई है। हालत यह है कि कई जगहों पर इतने गहरे गड्ढे पड़ गए हैं कि इसमें दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो सकते हैं। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को गड्ढों का आभास ही नहीं होता है। इस वजह से पिछले कई महीनों से शहर में सफर करने वाले हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। यही नहीं सड़कों की खस्ता हालत के कारण राहगीरों की मुश्किलें भी बढ़ गईं थी। सड़कों पर गहरे गड्ढों में पानी भरने के कारण लोगों के कपड़े भी खराब हो रहे थे। अब सड़कें दुरुस्त होने से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।