फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: मिनी कुफ्टाधार में रास्ता खस्ताहाल लाइटें न होने से गिरने का भी खतरा

विज्ञापन
विज्ञापन
प्लॉट की खोदाई के चलते ढह गया है नगर निगम का बनाया पैदल रास्ता, मरम्मत के लिए आपस में लड़ रहे विभाग
विज्ञापन

कॉमन इंट्रो
शहर के रुल्दुभट्ठा वार्ड के मिनी कुफ्टाधार क्षेत्र में रास्ता टूटने से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी के लोग मुख्य सड़क तक जिस रास्ते से पहुंचते थे, वह अब बंद पड़ा है। इसे बहाल करने की बजाय सरकारी महकमे आपस में लड़ रहे हैं। इसका जायजा लिया संवाददाता भारती शर्मा ने। पेश है ग्राउंड रिपोर्ट :-
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के रुल्दुभट्ठा वार्ड के मिनी कुफ्टाधार में बड़श सड़क से कुफ्टाधार की रिहायशी कॉलोनी को जोड़ने वाला रास्ता बंद पड़ा है। सैकड़ों लोगों की सुविधा के लिए बनाया रास्ता बंद होने से लोग परेशान हैं।
विज्ञापन

लोग खस्ताहाल रास्ते से जान जोखिम पर डालकर मुख्य सड़क तक पहुंच रहे हैं। खोदाई के कारण बिजली के खंभे गिर गए हैं जिससे रात को लाइट न होने के कारण लोगों को अंधेरे में ठोकरें खाते हुए घर पहुंचना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सालों पहले नगर निगम ने यह रास्ता बनाया था। कुछ हफ्ते पहले रास्ते के ठीक नीचे एक भूमि मालिक ने अपने प्लॉट की खोदाई का काम शुरू किया। इस खोदाई से यह रास्ता ढह गया। लोगों ने नगर निगम को इसकी शिकायत दी। पार्षद सरोज ठाकुर ने भी मौके का दौरा किया लेकिन रास्ता बहाल नहीं हुआ।
नगर निगम का कहना है कि मौके पर खोदाई करने वाले ठेकेदार को नोटिस देकर काम शुरू करने को कहा है। ठेकेदार इसके लिए तैयार है लेकिन अब वन विभाग काम रोक रहा है। पार्षद सरोज ठाकुर का कहना है कि नगर निगम का रास्ता बनाने का काम वन विभाग रोक रहा है। विभाग या तो खुद डंगा लगाकर रास्ता बनाए या नगर निगम को यह रास्ता बनाने दें। वन विभाग का कहना है कि यह वन भूमि है। वन भूमि पर इस निर्माण को मंजूरी नहीं दे सकते। लोगों की सुविधा के लिए कच्चा रास्ता बनाया है। स्थानीय लोग एक महीने से महकमों की आपसी खींचतान के कारण परेशान हैं। कई बार मरीजों को पीठ पर उठाकर इस टूटे हुए रास्ते से ले जाना पड़ता है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर ने कहा कि जिस ठेकेदार ने इस रास्ते को नुकसान पहुंचाया है, उसे ही दुरुस्त करने को कहा है। वन विभाग के डीएफओ पवन चौहान का कहना है कि रिपोर्ट ले ली है। ठेकेदार ने बिना मंजूरी पहले वन भूमि पर खोदाई की थी। इसके बाद इसकी डीआर भी काटी गई है। पहले ठेकेदार बताए कि किससे मंजूरी लेकर मौके पर काम किया गया। इसके बाद आगे बात की जाएगी।


पीठ पर ले जाने पड़ रहे मरीज

स्थानीय निवासी किशोर ने कहा कि बीमार और बुजुर्ग लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए कोई सुरक्षित रास्ता नहीं है। कई बार लोगों को मरीजों को पीठ पर उठाकर इस टूटे हुए रास्ते से ले जाना पड़ता है।

रास्ते को सुरक्षित बनाएं
रूप लाल ने कहा कि जमीन को लेकर चल रहे इस विवाद का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। रास्ते को सुरक्षित बनाया जाए ताकि लोगों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके।


बच्चे गिरकर हो चुके हैं घायल

अशोक कुमार ने कहा कि हम रोज डर के साये में इस रास्ते से गुजरते हैं। बच्चों को अकेले भेजने से डर लगता है और कई बार छोटे बच्चे यहां गिर भी चुके हैं। इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।
विज्ञापन



बुजुर्गों को होती है चलने में दिक्कत

पिंकू ने कहा कि रास्ते की हालत बहुत खस्ता है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को बड़ी मुश्किल से पकड़ कर उतारना पड़ता है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें