कसुम्पटी क्षेत्र में करीब 31 करोड़ रुपये से चौड़ी होंगी राजधानी को जोड़ने वाली चार सड़कें
सड़क चौड़ी कर खत्म किए जा रहे ब्लैक स्पॉटस, तैयार हो रही पक्की नालियां, पैरापिट भी बनेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ग्रामीण इलाकों को राजधानी से जोड़ने वाली चार बड़ी सड़कों पर अब आवाजाही आसान होगी। इन सड़कों से न सिर्फ तीखे मोड़ और खतरनाक ब्लैक स्पॉट खत्म होंगे, बल्कि पानी की निकासी व्यवस्था भी सुधरेगी। कसुम्पटी क्षेत्र की इन सड़कों को अगले साल मार्च तक अपग्रेड करने का लक्ष्य रखा गया है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार कुल 31 करोड़ रुपये की लागत से चार सड़कों को चौड़ा कर अपग्रेड किया जा रहा है। शिमला और सिरमौर जिले को जोड़ने वाली जनेडघाट डुब्लू सड़क को 12.84 करोड़ रुपये से अपग्रेड किया जा रहा है। बरसात के दौरान यह सड़क कई दिन तक बंद रही थी। अब इसे बहाल कर चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। इस सड़क पर कई तीखे मोड़ और ब्लैक स्पॉट भी हैं जिन्हें अब खत्म किया जा रहा है। शहर से सटे भट्ठाकुफर से कोटी सड़क को भी 5.13 करोड़ रुपये से चौड़ा किया जा रहा है। इसके अलावा इलीजियम देवीधार सड़क को भी विभाग अपग्रेड करने जा रहा है। इस काम पर आठ करोड रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग के अनुसार इस योजना के तहत सड़क चौड़ी होगी और पक्की नालियां भी तैयार की जाएंगी। कई स्थानों पर पैरापिट और क्रैश बैरियर भी लगेंगे।
चमियाना-शुराला सड़क भी होगी चौड़ी
शहर से सटे चमियाना शुराला और कटैन सड़क को भी चौड़ा किया जा रहा है। इसके काम पर 6.45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रामीण इलाकों को शहर से जोड़ने वाली इन सड़कों से रोजाना हजारों लोग बसों और निजी वाहनों से शिमला पहुंचते हैं। संकरी सड़कों के चलते कई स्थानों पर जाम लगता है। अब इससे राहत मिलेगी।
कोट
मार्च तक काम पूरा करने का प्रयास : अभियंता
इन सड़कों का काम मार्च तक पूरा करने का प्रयास है। सड़कें चौड़ी होने से हादसों का खतरा कम होगा। साथ ही वाहनों की आवाजाही भी आसान हो जाएगी। -नवीन कौंडल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग