हिमाचल विश्वविद्यालय से लिखित परीक्षा का रिकॉर्ड लेकर टाइपिंग टेस्ट करवाने के बाद तकनीकी शिक्षा बोर्ड अंतिम मेरिट बनाएगा। पंचायत सचिवों के 239 पदों पर भर्ती होनी है। प्रदेश भर में करीब 25,000 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय(एचपीयू) की ओर से करवाई पंचायत सचिव की लिखित परीक्षा दे चुके हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। भर्ती की अगली प्रक्रिया अब हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड करेगा। लिखित परीक्षा में मेरिट में आए उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। एक पद के लिए तीन उम्मीदवार बुलाए जाएंगे। हिमाचल विश्वविद्यालय से लिखित परीक्षा का रिकॉर्ड लेकर टाइपिंग टेस्ट करवाने के बाद बोर्ड अंतिम मेरिट बनाएगा। पंचायत सचिवों के 239 पदों पर भर्ती होनी है।
विज्ञापन
प्रदेश भर में करीब 25,000 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी है। हिमाचल विश्वविद्यालय ने पद भरने को एक साल पहले लिखित परीक्षा ली थी और अब बोर्ड अगली प्रक्रिया पूरी करेगा। पंचायती राज विभाग अब तकनीकी शिक्षा बोर्ड की मदद से पंचायत सचिवों की भर्ती करेगा। टाइपिंग टेस्ट में चयनित उम्मीदवारों की मेरिट सूची भी बोर्ड ही तैयार करेगा। इसके बाद इनकी तैनाती पंचायतों में की जानी है। यह टेस्ट कब होगा। इसे लेकर संबंधित विभाग ने मुख्यमंत्री कार्यालय को फाइल भी भेजी है। सरकार से हरी झंडी मिलते ही आगे की भर्ती प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।
हिमाचल में पंचायत सचिवों के 750 पद रिक्त
प्रदेश में पंचायत सचिवों के 750 पद रिक्त चल रहे हैं। प्रदेश में कुल 3615 पंचायतें हैं और कई पंचायत सचिव दो से अधिक पंचायतों का काम भी देख रहे हैं। प्रदेश मे 412 पंचायतें नई बनीं हैं। 23 पंचायतें शहरी निकायों में चली गई हैं।
विज्ञापन
पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त निदेशक केवल शर्मा ने कहा कि पंचायत सचिवों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर पदों को भरा जाना है। तकनीकी शिक्षा बोर्ड से टाइप टेस्ट करवाकर मेरिट तैयार की जानी है।