हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम में 15 सौ टीएमपीए (ट्रांसपोर्ट मल्टीपर्पज असिस्टेंट) की भर्ती चुनाव से पहले की जाएगी। भरे जाने वाले 15 सौ नए टीएमपीए के पदों से 498 की भर्ती के लिए प्रशासनिक ट्रिब्यूनल से क्लीयरेंस मिल गई है जिसका रिजल्ट घोषित कर दिया गया है।
जबकि एक हजार पदों की भर्ती का विज्ञापन एक माह के भीतर निकाला जाएगा। निगम के बेड़े में 14 नई सुपर लग्जरी बसों के साथ 50 आठ सीटर इलेक्ट्रानिक वैन शामिल होंगी।
राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में 325 छोटी बसों की खरीद की जाएगी। प्रत्येक बस अड्डे पर एसी वेटिंग रूम बनाए जाएंगे। परिवहन निगम के निदेशक मंडल की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर कई अहम फैसले लिए गए।
बेरोजगार युवाओं के लिए 50 नए रूट स्वीकृत
बैठक के बाद परिवहन मंत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा कि निगम के राजस्व में इस वर्ष के दौरान 36 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। निगम के कर्मचारियों को 80 करोड़ रुपये के लाभ प्रदान किए गए हैं और जुलाई माह तक पेंशन की अदायगी कर दी गई है।
छोटी नई 325 बसों की आपूर्ति अगले माह से आरंभ हो जाएगी जिन्हें दुर्गम क्षेत्रों में चलाया जाएगा। आठ सीटर इलेक्ट्रानिक वैन को शिमला और धर्मशाला सहित अन्य शहरी क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। बेरोजगार युवाओं के लिए 50 नए रूट स्वीकृत किए गए हैं। गांवों की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 25 सीटर मुद्रिका बसें चलाई जाएंगी।
जिन कर्मचारियों को ग्रेड पे नहीं मिलता, उनका वेतन 50 प्रतिशत बढ़ाए जाने पर भी मुहर लगाई गई है। मंत्री ने बताया कि इससे 555 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। चंबा में बहुमंजिला आधुनिक पार्किंग एवं व्यवसायिक परिसर बनेगा।
इसे पीपीपी मोड में बनाया जाना है। चुवाड़ी में पीपीपी आधार पर बस अड्डा बनाने का निर्णय लिया गया है। बाली ने बताया कि चिड़गांव, रोहडू तथा दलैड़ बस अड्डों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। राजीव थाली योजना राज्य में 10 और स्थानों पर शीघ्र आरंभ की जाएगी।
बस अड्डों पर एसी वेटिंग रूम
नए बन रहे सभी बस अड्डों के साथ पुराने बस अड्डों पर निगम वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष बनाएगा। महिलाओं के लिए अलग शौचालय सुविधा रहेगी। बच्चों को खेलने के लिए प्ले एरिया भी मौजूद होगा। हर नए बस अड्डे पर कमजोर वर्गों के लिए दो दुकानों का निर्माण होगा।
मंत्री ने बताया कि शहीदों की पत्नियों के अलावा गरीब वर्ग के लोगों को यह दुकानें आवंटित की जाएंगी। अड्डों को सीसीटीवी कैमरा से लैस किया जा रहा है जिससे महिला सुरक्षा और बढ़ेगी। शिमला, मनाली, चंबा तथा नगरोटा बगवां बस अड्डे से इसकी शुरुआत होगी।