अतिरिक्त जिला न्यायाधीश यजुवेंद्र सिंह की अदालत ने पेश होने के लिए जारी किया समन, अब 26 को होगी मामले की सुनवाई
विज्ञापन
वक्फ बोर्ड ने एमसी आयुक्त कोर्ट के फैसले को दी है चुनौती देवभूमि संघर्ष समिति ने भी अदालत में दायर की है याचिका संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। हिमाचल के विवादित संजौली मस्जिद मामले में वक्फ बोर्ड की ओर से नगर निगम आयुक्त कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली अपील पर शुक्रवार को जिला अदालत चक्कर कोर्ट में सुनवाई हुई।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश यजुवेंद्र सिंह की अदालत ने वक्फ बोर्ड की अपील पर नगर निगम शिमला को दोबारा नोटिस जारी कर 3 मई को मस्जिद मामले में नगर निगम आयुक्त कोर्ट के फैसले का रिकार्ड तलब किया है। इसके साथ ही 26 मई को अदालत में पेश होने का समन जारी किया। अब 26 मई को अगली सुनवाई होगी। हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड ने 17 मई को आयुक्त कोर्ट के फैसले के खिलाफ जिला अदालत में स्टे की मांग की है, जबकि इस मामले में देवभूमि संघर्ष समिति ने 15 मई को जिला अदालत में याचिका दायर की थी। समिति ने मांग की है कि वक्फ बोर्ड या संजौली मस्जिद कमेटी नगर निगम आयुक्त कोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील दायर करते है तो हमें सुना जाए और स्टे न दिया जाए। इसके बाद 19 मई को मामले की सुनवाई में अदालत ने संजौली मस्जिद कमेटी के प्रधान को कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी किया था। इसके साथ वक्फ बोर्ड की अपील पर अदालत ने नगर निगम शिमला को समन जारी कर फैसले का रिकार्ड तलब किया था लेकिन शुक्रवार को मामले में सुनवाई में न संजौली मस्जिद कमेटी के प्रधान उपस्थित हुए और न ही एमसी शिमला की तरफ से कोई अधिवक्ता पेश हुआ।
विज्ञापन
50 से ज्यादा बार हुई केस पर सुनवाई संजौली मस्जिद मामला करीब 16 साल तक शिमला के नगर निगम आयुक्त कोर्ट में चलता रहा। इस दौरान 50 से ज्यादा बार इस केस पर सुनवाई हुई। अब हाईकोर्ट की दखलअंदाजी के बाद इस केस में नगर निगम आयुक्त ने 3 मई को फैसला सुनाया। इसमें आयुक्त ने पूरी मस्जिद को गैर कानूनी बताते हुए इसकी निचली दो मंजिलें भी तोड़ने के आदेश दिए हैं। मस्जिद की ऊपर की तीन मंजिल को तोड़ने के आदेश बीते साल 5 अक्तूबर को दिए जा चुके हैं। हालांकि आयुक्त कोर्ट ने इसे तोड़ने के आदेश देने से पहले वक्फ बोर्ड को कई बार मस्जिद की जमीन पर मालिकाना हक के कागज देने और मस्जिद का नक्शा देने का मौका दिया था लेकिन वक्फ बोर्ड इसके कागज पेश नहीं कर पाया। इसके साथ ही मस्जिद का नक्शा और किसी भी तरह की एनओसी भी मस्जिद कमेटी ने निगम कोर्ट को नहीं दी। वक्फ बोर्ड लंबे समय तक जमीन पर मालिकाना हक का दावा करता रहा है।
दो गुटों की लड़ाई से सुर्खियों में आया था मामला 31 अगस्त 2024 को शिमला के मैहली में दो गुटों में मारपीट के बाद मस्जिद विवाद गरमाया था। इस लड़ाई में छह मुस्लिम लड़कों ने एक स्थानीय व्यक्ति की पिटाई कर दी थी और बाद में मस्जिद में जाकर छिप गए थे। इसके बाद 1 और 5 सितंबर 2024 को शिमला में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। 11 सितंबर को संजौली-ढली में उग्र प्रदर्शन हुआ। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इससे हिंदू संगठन भड़क गए। इसके बाद प्रदेश के कई जिलों में भी प्रदर्शन शुरू हुए और लोग सड़कों पर उतरे। इस बीच 12 सितंबर को संजौली मस्जिद कमेटी खुद निगम आयुक्त कोर्ट में पहुंची और खुद ही मस्जिद का अवैध हिस्सा तोड़ने की पेशकश की। तब जाकर विवाद शांत हुआ था।