मरीज ने की डॉक्टर के साथ बदतमीजी : डॉ. सोहेल अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के पल्मोनरी मेडिसिन वार्ड में मरीज और डॉक्टर के बीच हुए झगड़े के मामले में आरोपी डॉक्टर के पक्ष में आरडीए खुलकर सामने आ गई है। आरडीए के अध्यक्ष डॉ. सोहेल शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वायरल वीडियो में सिर्फ एक पहलू नजर आ रहा है।
डॉ. सोहेल ने बताया कि डॉ. राघव ने भी आरडीए, आईजीएमसी प्राचार्य, एमएस को शिकायत सौंपी है। मामले की जांच जारी है, इसकी रिपोर्ट आने तक इंतजार किया जाना चाहिए था। उन्होंने प्रशासन और सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। आरडीए अध्यक्ष ने जांच कर रही कमेटी से आरोपों में घिरे चिकित्सक को अपनी बात रखने का पूरा मौका देने की मांग की। एसोसिएशन ने अध्यक्ष सोहेल शर्मा उपाध्यक्ष डाॅ. मधु, डॉ. आदर्श शर्मा, अर्चित शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि आरोपी डॉक्टर परेशानी में है, वह बात करने की स्थिति में नहीं है। सामान्य होने पर वह स्वयं इस पूरी घटना को लेकर बात करेंगे। आरडीए पदाधिकारियों ने कहा कि डॉक्टर पर लगाए सभी आरोप एकतरफा हैं। डॉक्टर ने मरीज से कोई बदसलूकी नहीं की बल्कि मरीज ने डॉक्टर से बदतमीजी और मारपीट की है। आरडीए ने अस्पताल प्रबंधन से वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को आरडीए को दिए जाने की मांग की है,जिससे पूरी घटना की सही जानकारी सामने आ सके।
मरीज पर लगाए अभद्रता और मारपीट के आरोप शिमला। आईजीएमसी प्रबंधन को सौंपी शिकायत में आरोपी डॉक्टर राघव नरुला ने कहा है कि सोमवार को 12 बजे जब वह चेस्ट एंड टीबी वार्ड में ड्यूटी पर था तो अर्जुन नाम मरीज ने उसके सात मारपीट की और जानलेवा हमला किया। प्रशासनिक कार्य में बाधा पहुंचाई और जान से मारने की धमकी दी। चेस्ट एंड टीबी वार्ड में ऑबजर्वेशन में रखे मरीज अर्जुन से जब चिकित्सा रिकार्ड को मांगा तो अर्जुन ने उनके साथ अभद्र, अपमानजनक और असहयोगात्मक व्यवहार किया। यह कहकर मना कर दिया कि वह सभी रिकार्ड बड़े डाक्टर को दिखा चुका है। स्थिति गंभीर हुई तो वह मेरे माता-पिता को अपशब्द कहने लगा, उसने मुझे धक्का दिया, मेरे पेट और छाती पर लात से प्रहार किए। मैंने खुद को बचाने की कोशिश की तो वह आईवी स्टैंड पकड़कर मुझे मारने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसका एक साथी मोबाइल से वीडियो बनाने लगा जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। डॉ. राघव ने इस शिकायत पत्र में मरीज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।