रणजी मैचों से हिमाचल के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल रणजी टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज एनआर गंगटा के दोहरे शतक ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहले ही मैच में जीत दिलाई है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के बीच खेले गए पहले रणजी मैच में हिमाचल ने दस विकेट से मैच को अपने कब्जे में किया है। जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 276 रन बनाए।
वहीं हिमाचल टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 16 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 293 रन बनाए थे। हिमाचल की टीम ने एनआर गंगटा के 203 और बीबी शर्मा के 117 की बदौलत पहली ही पारी में स्कोर को 554 तक पहुंचाया था।
हालांकि, जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज परवेज रसूल ने पहली पारी में 114 रन बनाए थे। उनके अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना पाया था। दूसरी पारी में टीम के सलामी बल्लेबाज शुभम खजूरिया ने 73 रन टीम के लिए जोड़े।