मंत्री विक्रमादित्य सिंह 22 को जाएंगे अयोध्या
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। रविवार शाम को विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट अपडेट कर कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले समारोह में मैं मौजूद रहूंगा। बीते कुछ दिनों के दौरान विक्रमादित्य सिंह अयोध्या जाने को लेकर संशय में थे। मीडिया के पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि राम मंदिर तो जाऊंगा लेकिन 22 जनवरी के समारोह में शामिल रहूंगा या नहीं। यह मुख्यमंत्री से चर्चा करने के बाद बताया जाएगा। रविवार को विक्रमादित्य सिंह मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ रोहड़ू के दौरे पर थे। इस दौरान राम मंदिर समारोह को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई होगी।
हर पंचायत से प्रतिनिधियों को ले जाएंगे अयोध्या : अनिरुद्ध
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसुम्पटी की बैठक रविवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कमेटी के अध्यक्ष राम कृष्ण शांड़िल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य तौर क्षेत्र के विधायक एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने भी शिरकत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत और विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम वार्ड से 10-15 कार्यकर्ता राम मंदिर अयोध्या के दर्शन के लिए जाएंगे।
प्राण प्रतिष्ठा में भाग नहीं लेंगे शांता कुमार
अयोध्या में बने राम मंदिर की पालमपुर में बनी रूपरेखा के मुख्य आयोजक की भूमिका निभाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार 22 जनवरी को अयोध्या में राम प्रतिमा की होने वाली प्राण प्रतिष्ठा में भाग नहीं लेंगे। स्वास्थ्य कारणों इस समारोह में भाग नहीं लेंगे। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता उन्हें मिल गया है। शांता कुमार ने इस समारोह में स्वास्थ्य के कारणों के चलते जाने से मना कर दिया है।