शिमला। राजधानी के मंदिरों में वीरवार को रामनवमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। शहर के राम मंदिर में राम जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर में शुभ मुहूर्त के अनुसार राम जन्म मनाया गया। सुबह 11:00 बजे से भक्त श्रीराम जन्मोत्सव के पावन पर्व के साक्षी बनने लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। दोपहर 12:02 बजे श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान जैसे ही मंदिर का पर्दा खुला तो मंदिर में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सीयावर राम चंद्र की जय और जय श्रीराम जैसे जयकारों के साथ श्रीराम का अभिनंदन किया। इस दौरान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की प्रतिमाओं के दर्शन कर लोग ने भावुक होकर नाच गाकर राम दरबार में हाजिरी जगाई। राम नवमी के अवसर पर मंदिर में सुबह 10:00 बजे दिव्य ज्योति जागृति संस्थान आचार्य प्रेम शर्मा ने सुबह 11:00 से 1:00 बजे तक प्रवचन दिए। डेरा बाबा रुद्रानंद सेवक मंडल दोपहर 1:00 बजे, राम नाम संकीर्तन मंडली न्यू शिमला दोपहर 2:30 बजे, आर्ट ऑफ लिविंग संस्थान शिमला दोपहर 3:30 बजे, गुप्ता संकीर्तन मंडली राम बाजार शाम 4:30 बजे और दुर्गा संकीर्तन मंडली राम नगर शिमला ने शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक भजन कीर्तन किया। जाखू मंदिर में भी भजन कीर्तन किया गया।