जयराम सरकार की ओर से निलंबन की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट में केसीसी बैंक के पूर्व चेयरमैन जगदीश सिपहिया द्वारा दायर याचिका खारिज होने के बाद नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया ने फिर से मोर्चा खोल दिया है।
पठानिया ने धर्मशाला में प्रेस वार्ता के दौरान सिपहिया के खिलाफ हाईकोर्ट की जजमेंट दिखाई। पठानिया ने कहा कि हाईकोर्ट की जजमेंट आने के बाद अब साबित हो गया है कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान केसीसी बैंक में काफी गड़बड़ियां हुई हैं।
पठानिया ने कहा कि 21 हजार करोड़ रुपये के टर्नओवर वाले केसीसी बैंक में गड़बड़झाला करने वाले आरोपियों पर अब सरकार तुरंत एफआईआर कर उच्च स्तरीय जांच करे। पूर्व चेयरमैन के खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए।
कांग्रेस कार्यकाल में केसीसी बैंक में गलत तरीके से लोन देने वाले आरोपियों की संपत्ति की जांच होनी चाहिए। बैंक को हुए घाटे की पूर्ति आरोपियों की संपत्ति जब्त कर होनी चाहिए।
सरकार से नहीं हूं नाराज
कैबिनेट और निगम-बोर्डों में ताजपोशी नहीं होने के चलते सरकार से नाराजगी के प्रश्न पर पठानिया ने कहा कि वह किसी से नाराज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें जब जब अहम जिम्मेदारियां दीं, उन्हें उन्होंने दिल से निभाया है। आगे भी जो भी काम सीएम देंगे, उसे वह दिल से और मेहनत से करेंगे। मैं मुख्यमंत्री और सरकार की मजबूती के लिए दिन-रात तत्पर हूं।