राजधानी में सैलानियाें की बढ़ने लगी संख्या, कारोबारियों की जागी उम्मीदें
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। हलकी बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई है। रविवार ऑरेंज अलर्ट के बीच सुबह से शहर सहित आसपास के इलाकों में हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। दिनभर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा।
मालरोड, रिज मैदान सहित आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में शिमला के सुहावने मौसम का आनंद उठाने के लिए दिनभर सैलानियों का जमावड़ा लगा रहा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र से गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी शिमला का रुख कर रहें हैं। ऐसे में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग शिमला की ओर से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 16 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान है। 17 अप्रैल को मौसम साफ रहने के साथ धूप खिलने की संभावना है। 18 और 19 अप्रैल को प्रदेश में फिर मेघ बरसने के आसार हैं।
समर टूरिस्ट सीजन के दौरान सैलानियों की भीड़ के मद्देनजर रेलवे प्रबंधन ने हॉलीडे स्पेशल ट्रेन शुरू की है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा के अनुसार इस बार समर टूरिस्ट सीजन में बीत साल के मुताबिक सैलानियों की संख्या घट गई है। गत वर्ष अप्रैल की शुरुआत में ही होटलों में कमरों की बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली थी। इस बार 14 अप्रैल तक भी होटलों में कमरों की बुकिंग 50 से 60 फीसदी चल रही है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सैलानियों की संख्या में इजाफा होगा।