शिमला। राजधानी में भारी बारिश के चलते सर्कुलर रोड समेत शहर की कई संपर्क सड़कों पर दरारें पड़ गई हैं। आने वाले दिनों में यदि भारी बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो इन सड़कों पर खतरा मंडरा सकता है।
शहर में कई जगह सड़कें टूटने लगी हैं, जिससे आवाजाही बाधित होने लगी है। सर्कुलर रोड पर टिंबर हाउस और नवबहार के पास हल्की दरारें पड़ गई हैं। खलीनी में भी मिस्ट चैंबर के पास सड़क पर लंबी दरारें आ गई हैं। उधर, ऑकलैंड और भराड़ी में भी सड़क पर दरारें पड़ने लगी हैं। टुटीकंडी, बीसीएस में हाईवे सड़क पर हल्का भूस्खलन हुआ है। वहीं, अनाडेल में कोमली बैंक सड़क पर भी लंबी दरारें पड़ गई हैं। नगर निगम ने राहत के तौर पर इन दरारों को फिलहाल बंद तो कर दिया गया है, लेकिन बारिश के कारण यहां लगातार जमीन धंस रही है। भराड़ी में भी कमयाणा सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। महापौर सुरेंद्र चौहान का कहना है कि निगम की सड़कों की मरम्मत जल्द की जाएगी।