पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद शांता कुमार ने कहा है कि पठानकोट से लेह रेलवे ट्रैक को वाया मंडी और मनाली से होकर बनाया जाएगा। इसका बाकायदा सर्वे हो चुका है। पठानकोट से जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ नहीं होगी। इस ट्रैक को हेरिटेज रेलवे ट्रैक बनाया जाएगा।
शांता ने कहा कि पठानकोट-लेह रेलवे ट्रैक से धर्मशाला, पालमपुर और रूट पर आने वाली सैन्य छावनियों को ट्रैक से जोड़ा जाएगा। पालमपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद शांता कुमार ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से बनने वाले इस रेलवे ट्रैक से योल, होल्टा, अल्हालाल समेत अन्य सैन्य छावनियों को रेलमार्ग कनेक्टिविटी दी जाएगी।
सांसद ने कहा कि भानुपल्ली रेलवे ट्रैक को मंडी में जोड़ा जाएगा। उत्तर क्षेत्र में चीन की बढ़ती चुनौती को देखते हुए रेलवे का सामरिक महत्व है। लिहाजा, इस रेलवे ट्रैक का एक सर्वे पूरा हो चुका है। इसके लिए रक्षा मंत्रालय और रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। उनकी इस बारे एक दिन पहले ही रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात हो चुकी है।
चंबा में सीमेंट उद्योग के लिए टेंडर जारी
शांता ने कहा कि चंबा में बनने वाले सीमेंट उद्योग के लिए प्रदेश सरकार सड़क का प्रावधान करेगी। सीमेंट उद्योग के लिए टेंडर लगा दिया गया है। इससे जिला चंबा के करीब 15 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
धूमल और अनुराग को दी बधाई
भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने सुप्रीम कोर्ट से एचपीसीए के एफआईआर निरस्त होने पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सरकारें बदले की भावना से काम न करें। सुप्रीम कोर्ट की ओर से निरस्त की गई एफआईआर से साफ है कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने यह मामले बदले की भावना से बनाए थे।