हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पहली बार रैगिंग की शिकायत आई है। विधि प्रथम सेमेस्टर के छात्र ने लिखित शिकायत में कहा है कि वीरवार सुबह करीब सवा दस बजे वह कक्षाएं लगाने आ रहा था।
इस बीच पांचवें सेमेस्टर के छात्र ने उसका रास्ता रोका और धमकाया। डीएसडब्लू प्रो. संजीव महाजन ने लिखित शिकायत मिलने की पुष्टि की है। विधि विभागाध्यक्ष प्रो. कमलजीत सिंह ने बताया कि अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव महाजन की ओर से उन्हें शिकायत मिली है।
रैगिंग के आरोपी छात्र की ओर से भी लिखित में आया है कि उसके खिलाफ साजिश के तहत यह शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर इन दोनों शिकायतों को देखकर यह मामला रंजिश का प्रतीत हो रहा है।
विश्वविद्यालय में आज तक रैगिंग की कोई घटना सामने नहीं आई है। इसके बावजूद मामले को अधिष्ठाता अध्ययन को भेजा गया है। उधर, अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. गिरिजा शर्मा का कहना है कि उनके ध्यान में मामला आया है। अभी तक लिखित में शिकायत आने की उन्हें सूचना नहीं है। यदि ऐसी शिकायत आती है तो निश्चित तौर पर एंटी रैगिंग कमेटी से मामले की जांच कराई जाएगी।