बीते चार मार्च को ऊना के हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर पुरुष वर्ग की राज्य स्तरीय टीम का चयन विवादों के घेरे में आ गया है। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को झांसी में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में न भेजकर हरियाणा के खिलाड़ियों को मौका देने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में एक शिकायत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से की गई है। शिकायतकर्ता खिलाड़ियों ने इस मामले को लेकर जांच की मांग की है। साथ ही इसे खिलाड़ियों के भविष्य से खिलवाड़ बताया है। हालांकि, शिकायत को लेकर हॉकी हिमाचल एसोसिएशन के पदाधिकारी आरोप निराधार बता रहे हैं। मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायत पत्र में शिकायतकर्ता जसविंद्र सिंह, राकेश सैनी, विशाल कुमार आदि खिलाड़ियों ने बताया कि बीती चार मार्च को एक हॉकी की राज्य स्तरीय जूनियर पुरुष टीम के लिए ट्रायल ऊना के हॉकी मैदान में हुआ।
इसमें चयनकर्ताओं ने 25 खिलाड़ियों का चयन शिविर के लिए किया। राज्य स्तरीय टीम ने 19 मार्च से लेकर 26 मार्च तक उत्तर प्रदेश के झांसी में हो रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों की जगह हरियाणा के खिलाड़ियों की टीम हिमाचल प्रदेश टीम के नाम पर खेली है। हरियाणा की ही टीम ने बाकायदा पांच शून्य से टीम को मात भी दी। इन्होंने आरोप लगाया है कि आखिर यहां ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों से धोखा क्यों किया गया, इन चयिनत खिलाड़ियों को उक्त राष्ट्रीय स्पर्धा में क्यों नहीं भेजा गया। आखिर हरियाणा के खिलाड़ियों को इसमें हिमाचल के नाम पर क्यों प्रतिभागिता दर्ज कराने की नौबत आई? इन्हीं सभी पहलुओं को देखते हुए शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से जांच की मांग उठाई है। साथ ही शिकायत की कॉपी प्रदेश के खेल मंत्री और ऊना सदर से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को भी प्रेषित की है।
परीक्षाओं के कारण नहीं भेजी टीम
जूनियर टीम के लिए हॉकी ट्रायल महिला एवं पुरुष वर्ग में होने थे, लेकिन इन दिनों चल रही परीक्षाओं के कारण यहां चार पांच लड़कियां ही ट्रायल में पहुंचीं और टीम बन नहीं पाई। पुरुष वर्ग के ट्रायल में भी सब जूनियर के खिलाड़ी आए। टीम जाने से पूर्व कई अभिभावकों ने अपील की कि वे अपने बच्चों को परीक्षाओं के चलते नहीं भेज पाएंगे। इसी वजह से टीम को झांसी में एंट्री शुल्क देने के बावजूद वहां प्रतिभागिता दर्ज नहीं करा पाए। वहां दूसरी टीम को वॉक ओवर देना पड़ा। हरियाणा की टीम के खिलाड़ियों को मौका देने के आरोप निराधार हैं ऐसे आरोप पहले भी विरोधी लगाते रहे हैं।
-रोमेश पठानिया, महासचिव, हॉकी हिमाचल।