गाड़ियों के शीशे तोड़े।
- फोटो : संवाद
धार्मिक नगरी मणिकर्ण में रविवार रात को पंजाब के पर्यटकों की गुंडागर्दी का मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार को दोपहर बाद हिंदू संगठनों ने मणिकर्ण में खालिस्तान का झंडा जलाया। इस घटना के विरोध में हिंदू संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू संगठनों ने खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर अपना रोष प्रकट किया। साथ ही खालिस्तान समर्थकों को ऐसा दूसरी बार न करने की चेतावनी भी दी।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र राजपूत ने कहा कि पंजाब के आए शरारती तत्वों ने देवभूमि की आस्था और आपसी प्रेम को तोड़ने की कोशिश की है। इसका कड़ा विरोध करते हैं। मणिकर्ण के लोग अकेले नहीं हैं, हिमाचल की जनता उनके साथ है। खालिस्तान का झंडा जलाकर इस घटना का विरोध किया गया है। हमारा विरोध किसी धर्म, संप्रदाय से नहीं है, लेकिन खालिस्तानी विचारधारा के लोगों का विरोध किया जाएगा। देश विरोधी शक्तियों के खिलाफ लड़ाई के लिए हम तैयार हैं। इस दौरान अखिल राहुल विष्ट आदि मौजूद रहे।
भुंतर के हाथीथान में नाका, सैलानियों के सामान की तलाशी
धार्मिक नगरी मणिकर्ण में पंजाब के पर्यटकों के हुड़दंग के बाद पुलिस ने सोमवार को भुंतर के हाथीथान में नाका लगाया। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग में लगाए गए नाके के दौरान पंजाब से मोटरसाइकिल पर आए सभी पर्यटकों को रोका गया। पुलिस ने पर्यटकों से पूछताछ की। मणिकर्ण की तरफ जाने वाले पर्यटकों के सामान की तलाशी भी ली गई।
पुलिस ने बाइकों पर झंडे लगाकर निकले पर्यटकों को एक साथ नहीं, बल्कि छोटे-छोटे ग्रुपों में भेजा। मणिकर्ण में किसी तरह का विवाद न हो, इसलिए पुुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। सोशल मीडिया में मणिकर्ण में पर्यटकों के हुड़दंग का वीडियो सामने आने के बाद चर्चाओं का माहौल है। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने कहा कि मणिकर्ण में हालात सामान्य हैं। पुलिस किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने देगी। इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पार्वती घाटी के मणिकर्ण में पंजाब के पर्यटकों के हुड़दंग और पथराव करने के बाद मणिकर्ण पहुंचे सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने मंदिर समिति, गुरुद्वारा समिति और स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि पर्यटकों की स्थानीय लोगों के साथ किसी बात को लेकर झड़प हो गई थी। उन्होंने मणिकर्ण गुरुद्वारा में रुकने वाले सभी सैलानियों का पंजीकरण करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि सुरक्षा को देखते हुए मणिकर्ण में अतिरिक्त पुलिस की तैनाती की जाएगी।
मणिकर्ण में सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अब पार्वती घाटी के जरी में पुलिस थाना खोला जाएगा। इस मामले को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने मणिकर्ण में हुई घटना की कड़ी निंदा की। कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने घटना को अंजाम दिया। इस दौरान उपायुक्त आशुतोष गर्ग, पुलिस अधीक्षक कुल्लू साक्षी वर्मा, ग्राम पंचायत मणिकर्ण की प्रधान यौवन लता तथा मणिकर्ण गुरुद्वारा के प्रमुख बाबा राम मौजूद थे।
धार्मिक नगरी मणिकर्ण में रविवार रात को पंजाब के पर्यटकों की गुंडागर्दी के बाद मणिकर्ण के लोग सहम गए हैं। यह बात कुल्लू सदर से भाजपा प्रत्याशी रहे भाजपा नेता नरोत्तम ठाकुर ने सोमवार को प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि करीब 200 से अधिक पर्यटक डंडे, तलवारें लेकर खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाकर गुंडागर्दी कर रहे थे। इन्होंने भगवती नैणा मंदिर और श्रीरामचंद्र के रथ पर भी पथराव किया।
रविवार को मणिकर्ण में फागली मेला था। वाहन अधिक होने से पार्किंग की व्यवस्था नहीं थी। विवाद बस अड्डे में जबरदस्ती घुसने के कारण हुआ। मणिकर्ण बस अड्डे में टैक्सी और बसों को अंदर जाने पर 50 रुपये की पर्ची देनी पड़ती है, लेकिन पर्यटक जबरदस्ती बाइक लेकर घुसने लगे। इस बीच हंगामा हो गया।
बीचबचाव करने के बाद ही मामला शांत हुआ। काफी अधिक संख्या में पहुंचे इन पर्यटकों ने रात को गुंडागर्दी करते हुए गाड़ियों के शीशे तोड़ने के साथ लोगों के घरों पर पत्थर भी फेंके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से लोग परेशान हैं। पिछले दिनों जरी के अमन को पंजाबी पर्यटकों ने पंडोह में पीटा था। उसके दो दिन बाद जरी में भी एक युवक की पिटाई की।
इस तरह की गुंडागर्दी पर रोक लगाई जाए। जिन्होंने हुड़दंग मचाकर लोगों का नुकसान किया है, उसकी भरपाई उन्हीं से की जाए। दोषियों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान मंडल भाजपा कुल्लू के सचिव तारा चंद गौतम, युवा मोर्चा के योगेश शर्मा और जितेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे।