राशन लेने पहुंचे लोग लौटे खाली हाथ, जुलाई में पहले ही मलका दाल की आपूर्ति नहीं हुई
अब केवल माश की दाल उपलब्ध, लोग बाजार से 90-100 प्रति किलो खरीदने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के सरकारी राशन डिपुओं में दालों का संकट लगातार गहराता जा रहा है। जुलाई में मलका दाल की आपूर्ति नहीं होने के बाद अब चना दाल भी अधिकांश डिपुओं से गायब हो गई है। कई डिपुओं में एपीएल कार्डधारकों के लिए चना दाल का केवल एक दिन का स्टॉक बचा है, जबकि अधिकांश डिपुओं में यह पूरी तरह समाप्त हो चुका है। ऐसे में राशन लेने पहुंचे लोगों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा।
राशन डिपुओं में रविवार सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता राशन लेने के लिए डिपुओं पर पहुंचे, लेकिन बताया गया कि चना दाल का स्टॉक खत्म हो चुका है। जानकारी के अनुसार यह दाल गोदाम में उपलब्ध नहीं है। हालांकि बाजार के आसपास स्थित कुछ डिपुओं में सीमित मात्रा में चना दाल का स्टॉक उपलब्ध मिला तो इस दौरान यह दाल दी गई। लेकिन अधिकांश स्थानों पर लोगों को बिना दाल के ही वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं ने सरकार व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर राशन सामग्री की आपूर्ति नहीं होगी तो गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। लोगों का कहना है कि पहले ही जुलाई में मलका दाल नहीं मिली और अब चना दाल भी खत्म हो गई है। डिपुओं में फिलहाल केवल माश दाल उपलब्ध है, लेकिन अधिकांश लोग इसे लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। राशन लेने आए नरेंद्र कुमार, लक्की ठाकुर, वीना और अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके घरों में चना और मलका दाल का अधिक इस्तेमाल होता है, जबकि माश दाल की मांग कम रहती है। ऐसे में मजबूरी में उन्हें यह दालें बाजार से दाल खरीदनी पड़ रही हैं। ऐसे में खुले बाजार से 90 से 100 प्रति किलोग्राम की दर से चना दाल खरीदनी पड़ रही है। जबकि दूसरी ओर डिपुओं में चना दाल एपीएल कार्डधारकों को 66 प्रति किलोग्राम और बीपीएल परिवारों को 61 प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होती है। इसी तरह मलका दाल एपीएल उपभोक्ताओं को 72 और बीपीएल परिवारों को 68 प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिलती है। उपभोक्ताओं ने सरकार से मांग की है कि डिपुओं में चना और मलका दाल की नियमित आपूर्ति जल्द बहाल की जाए।
उधर, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति नरेंद्र धीमान ने बताया कि राशन उपलब्ध है। लोगों को मांग के अनुसार राशन दिया जा रहा है।