हिमाचल में बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी का मौका है। प्रदेश में सहकारी इंस्पेक्टरों समेत विभिन्न श्रेणियों के 86 पदों पर भर्ती होगी। राज्य लोक सेवा आयोग ने इसके लिए आवेदन मांग लिए हैं। 18 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
इसके लिए हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ एलाइड परीक्षा ली जाएगी। आयोग के सचिव संजीव पठानिया ने बताया कि आबकारी एवं कराधान इंस्पेक्टरों के छह, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले इंस्पेक्टरों के दो, सहकारी इंस्पेक्टरों के 64, विस्तार अधिकारी उद्योग के सात और इलेक्शन कानूनगो
के सात पदों पर भर्ती की जाएगी। सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए शुल्क 400 रुपये रखा गया है, जबकि आरक्षित वर्गों के लिए 100 रुपये शुल्क रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन आवेदन के बाद ई-चालान या ई-पेमेंट से किया जा सकेगा।
पूर्व सैनिकों, ब्लाइंड और दृष्टिबाधित आवेदकों से कोई फीस नहीं ली जाएगी। पहले इसके लिए प्रारंभिक परीक्षा होगी और उसके बाद मुख्य परीक्षा ली जाएगी। इसके लिए सिलेबस और तमाम तरह की जानकारी आयोग की वेबसाइट पर दी गई है।