नग्गर (कुल्लू)मनाली के जगतसुख बाजार में घूम रहीं प्रियंका चोपड़ा से एक लड़के ने छेड़खानी कर दी। इस पर प्रियंका ने युवक पर मुक्कों की बरसात कर डाली।
बुधवार को मनाली के जगतसुख बाजार में भारतीय महिला बॉक्सर मैरीकॉम के जीवन पर बन रही फिल्म के दृश्य फिल्माए गए। फिल्म की कहानी में जगतसुख बाजार को मणिपुर के इंफाल का बाजार दिखाया गया है।
जगतसुख बाजार में प्रियंका चोपड़ा स्कूल ड्रेस में अपनी सहेली के साथ जा रही थीं। इसी बीच एक युवक वहां आता है और प्रियंका चोपड़ा के साथ छेड़छाड़ करने लगता है और कमेंट करता है।
इस पर भड़कीं प्रियंका चोपड़ा ने युवक पर मुक्कों की बरसात कर दी। बुधवार को फिल्म की शूटिंग देखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही।
किसी को भी शूटिंग स्थल पर जाने की अनुमति नहीं थी। कड़े घेरे में बॉलीवुड फिल्म मैरीकॉम के दृश्य कैमरे में कैद किए गए। प्रियंका चोपड़ा की झलक देखने के लिए पहुंचे प्रशंसकों को एक बार फिर मायूसी ही हाथ लगी।
वहीं, इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री के बच्चों के साथ भी कुछ दृश्य कैमरे में कैद किए गए। जानकारी के मुताबिक बुधवार को बरसात होने के कारण फिल्म के कई शॉट नहीं हो पाए।
जगतसुख बाजार में हुई शूटिंग के दौरान कुल्लू की रंगकर्मी सुनीता ने प्रियंका चोपड़ा की सहेली का किरदार निभाया है।
जानकारी के अनुसार मैरीकॉम के जीवन पर बन रही फिल्म में कुल्लू की तीन युवतियाें और कुल्लू के प्रसिद्ध रंग कर्मी केहर सिंह को भी काम करने का मौका मिला है।