रिज मैदान पर सीएम सुक्खू ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि, हिमाचल से जुड़ाव को किया याद
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला के रिज मैदान पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश और हिमाचल प्रदेश के लिए उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश से विशेष आत्मीय संबंध रहा। वह मनाली स्थित अपने आवास पर समय-समय पर छुट्टियां बिताने आते थे। हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता से उनका गहरा लगाव रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी ऐसी राजनीति में विश्वास रखते थे, जिसमें सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की भावना थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक दौर में इस तरह की राजनीति कम देखने को मिलती है। देश के विकास में पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धा के साथ याद किया जा रहा है।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पार्षदगण, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, नगर निगम शिमला आयुक्त सचिन कंवल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।