हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज के अंतर्गत बस्सी चौक के पास एक निजी बस शनिवार सुबह स्टेयरिंग फ्री होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार 25 से 30 सवारियां बाल-बाल बचीं। चालक के अनुसार निजी बस अवाहदेवी से जाहू वाया चंबोह, बस्सी, मनोह रूट पर चलती है। बस्सी चौक से थोड़ा पीछे ही स्टेयरिंग फ्री होने से बस सड़क से अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकराकर अटक गई।
इससे सवारियों को चोटें नहीं आईं। बस पेड़ से न अटकती तो 50 फीट नीचे बस्सी से हमीरपुर सड़क पर गिर सकती थी। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह का समय होने से अधिकतर ऑफिस जाने वाली सवारियां इसी बस से आती हैं। उधर, एसएचओ भोरंज सूरम सिंह ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।