सिमरन और साक्षी शर्मा एक-एक लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा
- फोटो : अमर उजाला
12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में प्रदेश की मेरिट सूची में शुमार ठियोग की दो बेटियों सिमरन और साक्षी शर्मा को एक-एक लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। चियोग स्कूल के प्रधानाचार्य संदीप शर्मा यह प्रोत्साहन राशि अपनी ओर से देंगे। प्रधानाचार्य की ओर से परीक्षा से पहले ही मेरिट लिस्ट में शुमार होने वाले छात्रों को एक-एक लाख की इनामी राशि देने की घोषणा की गई थी। छात्रा सिमरन शर्मा ने वाणिज्य संकाय की परीक्षा में 96.6 प्रतिशत अंक लेकर प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है। साक्षी शर्मा ने कला संकाय परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। प्रधानाचार्य संदीप शर्मा शिक्षकों के लिए मिसाल बन कर उभरे हैं।
बच्चों को मेरिट लिस्ट में लाने के लिए इनामी राशि की घोषणा से प्रोत्साहित करने की इस अनूठी पहल की लोग खूब प्रशंसा कर रहे हैं। संदीप शर्मा बीते वर्ष ही चियोग स्कूल के भवन निर्माण के लिए अपनी ओर से 10 लाख रुपये की नकदी दान कर चुके हैं। संदीप शर्मा मूलत: चियोग के साथ लगते जठाई गांव के रहने वाले हैं। इनके पिता केशवराम भी शिक्षा विभाग से ही शास्त्री पद से सेवानिवृत्त हैं। जुगर स्कूल में प्रधानाचार्य रहते हुए उन्होंने कुछ विद्यार्थियों की प्रतिभा देखते हुए एक लाख की इनामी राशि देने की घोषणा की, जिससे बच्चो में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत हुई। प्रधानाचार्य संदीप शर्मा ने बातचीत में कहा कि बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा हो और प्रोत्साहन से वे अपनी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दें, इसी मकसद से उन्होंने यह पहल शुरू की है।